स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
जनपद शाहजहाँपुर में आगामी परंपरागत ‘बड़े लाट साहब’ एवं ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 01 मार्च 2026 को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापक रिहर्सल और स्थलीय निरीक्षण किया गया।
रिहर्सल कार्यक्रम में नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम (ई), एडीएम (एफआर), अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जुलूस के निर्धारित मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थात्मक बिंदुओं का गहन परीक्षण किया।
रिहर्सल के दौरान जुलूस मार्ग पर स्थापित बैरिकेडिंग, डाइवर्जन प्वाइंट, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, पुलिस सहायता केंद्र, एम्बुलेंस प्वाइंट, अग्निशमन वाहनों की तैनाती, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रस्तावित रूट डायवर्जन योजना की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रिहर्सल में लगाए गए पुलिस बल व अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी का स्थलीय सत्यापन किया। प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात कार्मिकों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली गई और भीड़ प्रबंधन, अफवाह नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने, महिला सुरक्षा तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाहजनक पोस्टों की निगरानी की जाए तथा असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी के माध्यम से जुलूस मार्ग की निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
स्वच्छता व पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एम्बुलेंस व मेडिकल टीम उपलब्ध रखने तथा अग्निशमन विभाग को संवेदनशील स्थलों पर सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए।
अंत में प्रशासन ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निर्वहन के निर्देश दिए, ताकि परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके।
जनपद प्रशासन और पुलिस विभाग ने आयोजन को लेकर पूर्ण मुस्तैदी का भरोसा दिलाया है तथा आमजन से अपील की है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
0 Comments