ब्यूरो चीफ: प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेन्दु ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की सभी 40 गैस एजेंसियों (BPCL: 13, HPCL: 12, IOCL: 15) के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि 21 मार्च 2026 को जनपद की गैस एजेंसियों पर कुल 7061 रिफिल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था, जिनमें से 4200 भरे हुए सिलेंडर वितरण के लिए उपलब्ध कराए गए। सुबह 10 बजे तक लगभग 2000 सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। अधिक मांग को देखते हुए राप्ती गैस सर्विस (बलरामपुर) और जनसेवा एचपी गैस (महुआ बाजार) में 720 अतिरिक्त सिलेंडरों की व्यवस्था की गई है।
आपूर्ति को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। गैस वितरण अब OTP आधारित किया जा रहा है, जिससे केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर मिल सके। वितरण स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और टोकन प्रणाली के माध्यम से क्रमवार वितरण सुनिश्चित कराया जा रहा है।
साथ ही, पूर्ति निरीक्षकों को बाजारों में निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं भी अवैध भंडारण या ऊंचे दामों पर बिक्री न हो सके। सभी एजेंसियों को स्टॉक की जानकारी पारदर्शी रखने और उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में फैली अफवाहों के कारण पैनिक बुकिंग बढ़ी है, जिससे मांग और आपूर्ति में असंतुलन दिखा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक गैस बुकिंग से बचें।
प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आगामी दिनों में भी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और सभी लंबित बुकिंग को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments