Breaking News

चलती ट्रेन में झपटमारी करने वाला शातिर गिरफ्तार, जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चलती ट्रेन में झपटमारी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत की कान की बाली बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 19037 के कोच एस-2 में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री की कान की बाली छीनकर भाग रहे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। घटना के तुरंत बाद जीआरपी और आरपीएफ टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दामू उर्फ फिरोज (35 वर्ष) निवासी कांशीराम कॉलोनी, गोण्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई बाली बरामद कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास भी उजागर हुआ है।

रेलवे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रेनों और स्टेशनों पर चोरी, लूट व झपटमारी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments