Breaking News

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत

 

ब्यूरो रिपोर्ट: सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

Sitapur। जनपद के थाना बिसवां क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। साली के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे चाचा-भतीजे की पिकअप वाहन से टक्कर होने के बाद मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुड्डू पुत्र रामकुमार (30 वर्ष) निवासी दुदगड, थाना सकरन, जनपद सीतापुर अपने घर से ससुराल बद्दुपूर, जनपद Barabanki में साली के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था। उसके साथ उसका भतीजा आदेश पुत्र वीरेंद्र गिरी (15 वर्ष) भी था, जो अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि जब दोनों सांडा–बिसवां मार्ग पर सरैया ब्रजवासिन पुरवा के निकट पहुंचे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डू और आदेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ चल रहे ललित गिरी पुत्र नरेंद्र गिरी (32 वर्ष) निवासी बद्दुपूर, बाराबंकी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए ललित गिरी को जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया।

इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव और परिवार तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। खासकर परिवार के इकलौते बेटे आदेश की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसआई फूलचंद्र सरोज ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments