स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर।
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विकास खंड कलान के गंगा ग्राम हेतमपुर स्थित आर.एस. कान्वेंट पब्लिक इंटर कॉलेज में खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम जिला गंगा समिति के बैनर तले नमामि गंगे परियोजना के तहत आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य अतुल चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने गंगा सहित सभी जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश देते हुए नमामि गंगे अभियान की सराहना की।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग में वॉलीबॉल एवं बालिका वर्ग में 200 मीटर दौड़ आयोजित की गई। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हेतमपुर की टीम विजेता और कासिम नगला की टीम उपविजेता रही। वहीं दौड़ प्रतियोगिता में श्रीदेवी ने प्रथम, प्रियांशी कुमार ने द्वितीय और सुरभि कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता खिलाड़ियों को प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
इस आयोजन में समाजसेवियों, विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय युवाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
0 Comments