Breaking News

महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को राज्य महिला आयोग प्रतिबद्ध : सुजीता कुमारी



स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर, 09 मार्च। राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने सोमवार को जनपद शाहजहांपुर का दौरा कर महिलाओं की समस्याओं के समाधान और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।

प्रातः विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी जीत सिंह राय ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा की अनुमति से जनसुनवाई प्रारंभ हुई, जिसमें सदस्य ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना। सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा के 7, जमीनी विवाद के 3, छेड़छाड़ का 1, अपहरण के 2, सामूहिक विवाह का 1, यौन शोषण का 1 तथा अभद्र व्यवहार का 1 मामला सहित कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिकता है।

जनसुनवाई के बाद उन्होंने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में जनपद को चौथी रैंक दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए संरक्षण अधिकारी निकेत कुमार सिंह और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विनय शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान और सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

जनसुनवाई कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी जीत सिंह राय, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, पुलिस विभाग से सीओ इशिका सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ, महिला थाना प्रभारी रश्मि, जिला सूचना अधिकारी बाबूराम, एसडीओ प्रभारी महेंद्र सिंह, महिला मोर्चा लखीमपुर की पदाधिकारी आरती भदोरिया, सदस्य के पीए ओंकार सिंह सहित पत्रकार और महिला कल्याण विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसके पश्चात उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद महिलाओं को संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान केंद्र प्रबंधक नमिता यादव सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

अपराह्न में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास खंड निगोही में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाकर नवजात कन्याओं को प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान श्रीजी, ज्योति, रोशनी, नाभिया, जेहरा फातिमा, आव्यारूही, आर्या, प्रिया और किंजल को बेबी किट उपहार स्वरूप दी गई। साथ ही आईसीडीएस विभाग द्वारा चंदा और सुनीता की गोद भराई तथा श्रेया और शिवानी का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में सदस्य सुजीता कुमारी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। इस अवसर पर तिलहर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सलोना कुशवाहा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी महिलाओं को महिला दिवस की बधाई देते हुए जागरूक रहने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भानु प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी, खंड विकास अधिकारी पुनीत पाठक, जिला मंत्री एवं प्रांतीय परिषद सदस्य भाजपा रजनी सिंह, संरक्षण अधिकारी निकेत कुमार सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विनय शर्मा, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित, जेंडर स्पेशलिस्ट रश्मि, सीडीपीओ स्नेह लता, बीसी रवि कुमार, मुख्य सेविका सीमा सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनहरा बानो और मनोरमा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments