Breaking News

निपुण प्लस ऐप पर बच्चों का दैनिक आकलन अनिवार्य, DM ने दिए सख्त निर्देश

स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निपुण विद्यालय आकलन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी शिक्षक प्रतिदिन निपुण प्लस ऐप पर बच्चों का नियमित आकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी बैठक में एआरपी को शामिल कर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 16 मई 2026 (शनिवार) को सभी विद्यालयों में नेट की प्रथम परीक्षा आयोजित की जाएगी।

कायाकल्प योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में रसोईघर, बालक-बालिका शौचालय एवं मूत्रालय जैसे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अगले 15 दिनों में पूर्ण कराया जाए।

जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2011 के अंतर्गत सभी बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

स्कूल चलो अभियान के तहत जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील एवं जनपद स्तर पर अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाए और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा प्रवेश से वंचित न रहे, यहां तक कि ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले बच्चों को भी चिन्हित कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments