शाहजहांपुर, 17 अप्रैल।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/वित्त एवं राजस्व), उपनिदेशक कृषि, समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कानूनगो उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दो-दो घंटे के अंतराल पर प्रगति की समीक्षा की जाए, जिससे कार्य की गति बनी रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत लेखपालों की प्रतिदिन समीक्षा करें तथा 30 अप्रैल तक सभी कृषकों का पंजीकरण पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लेखपाल अपने-अपने गांवों की खतौनी के आधार पर कृषि योग्य भूमि एवं किसानों की सूची तैयार करें और प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी किसान वंचित न रह जाए।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन एक जन सेवा केंद्र (CSC) संचालक एवं पंचायत सहायक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे पंजीकरण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
खंड विकास अधिकारियों को इस प्रक्रिया की सतत निगरानी का दायित्व सौंपते हुए निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक दो घंटे पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करें, जिससे अधिक से अधिक किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments