स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर (21.04.2026): ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगारों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने 'मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना' (CMEGP) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। जनपद शाहजहाँपुर में कुल 13 नई इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
किसे मिलेगा लाभ: 18 से 50 वर्ष की आयु के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां जो ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
बड़ी राहत: आरक्षित वर्ग (SC/ST/OBC/अल्पसंख्यक) के लाभार्थियों को बैंक ब्याज का पूरा भुगतान विभाग द्वारा किया जाएगा। सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को केवल 4% वार्षिक ब्याज देना होगा, शेष बोर्ड वहन करेगा।
इन उद्योगों के लिए मिलेगी सहायता: निर्माण उद्योग (जैसे कोल्हू, ऑयल एक्सपेलर, फर्नीचर, कृषि यंत्र) और सेवा उद्योग (जैसे टेंट हाउस, शटरिंग, रिपेयरिंग शॉप) के लिए ऋण दिया जाएगा। ध्यान रहे कि ट्रेडिंग, दुकान या व्यापार इस योजना के दायरे में नहीं आते हैं।
आवेदन प्रक्रिया:
- इच्छुक अभ्यर्थी 15 मई 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल cmegp.data-center.co.in पर आवेदन कर सकते हैं।
- दस्तावेज: शैक्षिक/तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और प्रोजेक्ट रिपोर्ट अनिवार्य है।
- पूछताछ हेतु हेल्पलाइन: 8318374411
अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, मोहल्ला-सुभाषनगर तिराहा, शाहजहाँपुर में संपर्क किया जा सकता है। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए अपना स्वयं का उद्योग शुरू करने का यह एक बेहतरीन अवसर है।
