Breaking News

शाहजहाँपुर को 47 करोड़ की सौगात: वित्त मंत्री और परिवहन मंत्री ने किया आधुनिक 'अहिल्याबाई होलकर' सैटेलाइट बस अड्डे का लोकार्पण

 

विकास की नई उड़ान

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर (21.04.2026): जनपद के विकास पथ पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना एवं परिवहन मंत्री श्री दयाशंकर सिंह ने अहमदपुर नियाजपुर में ₹47 करोड़ की लागत वाली 4 बड़ी परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण किया। मंत्रियों ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर बस अड्डे से नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य सौगातें: ₹1894.83 लाख से पुराने बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण, ₹1248.51 लाख से नया सैटेलाइट बस अड्डा, ₹1059.53 लाख से कार्यशाला और ₹239.44 लाख से डंपिंग यार्ड का निर्माण पूर्ण हुआ है।

कनेक्टिविटी में होगा सुधार: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि पुराने बस अड्डे पर भीड़भाड़ से जनता त्रस्त थी। अब लखनऊ, दिल्ली, बरेली और सीतापुर के लिए यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कांट, पुवायाँ और तिलहर में भी नए बस अड्डों के निर्माण की घोषणा की।

स्मार्ट सिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि शाहजहाँपुर के विकास हेतु स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ₹350 करोड़ स्वीकृत हैं। शहर में 1500 क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम और रिंग रोड का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने आगामी 29 अप्रैल को पीएम मोदी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, महापौर अर्चना वर्मा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं अन्य गणमान्य नागरिक व अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से सड़कों के किनारे पट्टी पर अतिक्रमण न करने की अपील की है ताकि शहर को और व्यवस्थित बनाया जा सके।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़
बदल रहा है शाहजहाँपुर – प्रगति की खबर।

Post a Comment

0 Comments