Breaking News

शाहजहाँपुर: विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, अपूर्ण मनरेगा कार्य 15 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 07 अप्रैल। जनपद में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में पंचायत राज, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं जीरो पॉवर्टी से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान शौचालय निर्माण के लिए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही गांवों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के यूजर चार्ज की वसूली की जिम्मेदारी पंचायत सहायकों को सौंपने को कहा गया। निर्देश दिया गया कि 30 प्रतिशत से अधिक वसूली होने पर पंचायत सहायकों को 10 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जर्जर सामूहिक शौचालयों की मरम्मत और उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बृहद गौशालाओं के निरीक्षण को लेकर खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक माह स्वयं निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण कार्यों को 15 अप्रैल तक हर हाल में पूरा किया जाए। समय सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित एपीओ और खंड विकास अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों का गठन करने तथा निष्क्रिय समूहों को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। मनरेगा जॉब कार्ड धारक एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को समूहों से जोड़ने पर भी बल दिया गया।

महिलाओं को सीआईएफ और सीसीएल योजनाओं का लाभ दिलाने तथा जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत नए समूह बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ड्राई राशन फीडिंग का कार्य तीन से चार दिनों में शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, पीडी डीआरडीए अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments