शाहजहाँपुर, 28 अप्रैल 2026।
थाना पुवायाँ पुलिस ने स्विफ्ट कार में युवक का शव मिलने की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी में जाते समय कार के अंदर अवैध तमंचे से स्टंट के दौरान विरोध करने पर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण में थाना पुवायाँ पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया।
घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब कमल राठौर पुत्र चन्द्रपाल राठौर निवासी नई बस्ती रेती, थाना रामचन्द्र मिशन ने अपने भाई कुलदीप राठौर (35 वर्ष) की हत्या के संबंध में थाना पुवायाँ पर मु0अ0सं0 249/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की सीडीआर खंगाली, जिसमें सचिन पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी रोशनगंज का नाम संदिग्ध के रूप में सामने आया। पूछताछ में सचिन ने बताया कि वह, कौशल उर्फ नन्हे, अमन और अर्जुन चारों दोस्त हैं। 26 अप्रैल को अर्जुन के मामा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उन्होंने कुलदीप की कैब 1300 रुपये में बुक की थी।
रास्ते में अर्जुन अपने साथ अवैध तमंचा लेकर आया था। कार में सभी लोग तमंचे के साथ स्टंट कर रहे थे, जिसका चालक कुलदीप ने विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर चालक के पीछे बैठा अर्जुन ने कुलदीप को गोली मार दी। गोली लगते ही कार गन्ने के खेत में जा घुसी और बंद हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और पहचान छिपाने के लिए कुलदीप का मोबाइल और पर्स निकालकर शारदा नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी सचिन को पहले हिरासत में लिया, जबकि शेष अभियुक्त कौशल कुमार उर्फ नन्हे, अमन पुत्र रविन्द्र मौर्य और अर्जुन पुत्र रामनरेश को मुखबिर की सूचना पर मघई टोला हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238ख, 3(5) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments