शाहजहाँपुर: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर एडीएम का कड़ा एक्शन, 4 जनसेवा केंद्रों की ID निरस्त, नदारद कर्मियों पर गिरी गाज

 

प्रशासनिक हड़कंप

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

पुवायाँ/शाहजहाँपुर (20.04.2026): शासन की महत्वाकांक्षी 'फार्मर रजिस्ट्री' योजना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जनसेवा केंद्र संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। आज अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने एसडीएम पुवायाँ सदानन्द सरोज के साथ ग्राम जेवाँ और बरगदियाँ में चल रहे कैंपों का औचक निरीक्षण किया, जहाँ बड़ी खामियां मिलने पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

वीएलई पर कड़ा प्रहार: ग्राम जेवाँ में निरीक्षण के दौरान सामने आया कि जनसेवा केंद्र संचालक (VLE) कैम्पों में सहयोग नहीं कर रहे हैं। जिलाधिकारी और एडीएम के बार-बार निर्देशों के बावजूद वीएलई की इस उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए एडीएम ने गाँव में संचालित सभी 04 वीएलई की आईडी निरस्त करने हेतु जिला प्रबंधक को निर्देशित किया है।

कार्यवाही की जद में: ड्यूटी से नदारद रहने वाले कृषि विभाग के एटीएम/बीटीमए धर्मपाल और ग्राम बरगदियाँ की पंचायत सहायक प्रिया बाजपेयी के विरुद्ध भी विभागीय कार्यवाही हेतु संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया गया है।

निरीक्षण के समय क्षेत्रीय लेखपाल, कोटेदार और ग्राम प्रधान उपस्थित पाए गए, लेकिन महत्वपूर्ण विभागीय कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। एडीएम ने स्पष्ट किया है कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

उपकृषि निदेशक और डीपीआरओ शाहजहाँपुर को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्यवाही से पुवायाँ तहसील के लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप व्याप्त है।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़
उत्तर प्रदेश की हर खबर, सबसे पहले।
Previous Post Next Post