Breaking News

गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुवायाँ पुलिस की कार्रवाई


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 26 अप्रैल। 

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपराध रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुवायाँ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 मार्च 2026 को वादी श्री सब्बन अली पुत्र अलीशेर निवासी ग्राम नरायनपुर बैजू, थाना पुवायाँ ने थाना पुवायाँ पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रजाक अली, रियाज, किसवर तथा अख्तर निवासीगण ग्राम नरायनपुर बैजू ने उनकी माता ऊजरातन और मौसी सुआला के साथ मारपीट, गाली-गलौज तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे उनकी माता ऊजरातन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गईं। साथ ही अभियुक्तों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पुवायाँ पर मु0अ0सं0 194/2026 पंजीकृत किया गया। उपचार के दौरान वादी की माता ऊजरातन की मृत्यु हो जाने पर मामले की गंभीरता बढ़ गई और अभियोग में धारा 105 बीएनएस की वृद्धि की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद थाना पुवायाँ पुलिस टीम का गठन किया गया। मुकदमे में नामजद अभियुक्त रजाक अली को पहले ही 10 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

इसी क्रम में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को थाना पुवायाँ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अख्तर पुत्र हबीबुल्ला निवासी ग्राम नरायनपुर बैजू, थाना पुवायाँ, उम्र करीब 59 वर्ष को जेवा रोड अंडरपास, शाहजहाँपुर रोड पुवायाँ से समय करीब 12:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार एवं कांस्टेबल चन्द्रवीर शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments