Breaking News

गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्जन प्लान जारी


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 27 अप्रैल।

 दिनांक 29 अप्रैल 2026 को माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार के गंगा एक्सप्रेस-वे उद्घाटन कार्यक्रम के दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु रूट डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यह डायवर्जन 28 अप्रैल 2026 को शाम 6:00 बजे से 29 अप्रैल 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार गंगा एक्सप्रेस-वे जनपद में थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र से प्रवेश करता है। उक्त प्रवेश स्थल से एक्सप्रेस-वे पर आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

थाना अल्हागंज क्षेत्र के हुल्लापुर चौराहे से जनपद शाहजहाँपुर स्थित कार्यक्रम स्थल हेतु जाने वाली बसें हुल्लापुर से याकूबपुर तिराहा होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश कर अपने गंतव्य तक जाएंगी। वहीं फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली बसें हुल्लापुर चौराहे से रूपापुर कट के माध्यम से गंगा एक्सप्रेस-वे से होकर जाएंगी। चार पहिया वाहनों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के भारी वाहनों का हुल्लापुर–रूपापुर मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

शाहजहाँपुर से हरदोई होकर लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को हरदोई चौराहे से डायवर्ट कर सीतापुर मार्ग से लखनऊ भेजा जाएगा। हुल्लापुर से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों को याकूबपुर तिराहा, जलालाबाद से बरेली मोड़ होते हुए हरदोई बाईपास के रास्ते सीतापुर होकर लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।

थाना कांट क्षेत्र की कुर्रिया कलां चौकी से हरदोई जनपद की ओर जाने वाले भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था के तहत कार्यक्रम में जाने वाली बसें गंगा एक्सप्रेस-वे से होकर जाएंगी, जबकि चार पहिया वाहन हरदोई बाईपास से सेमीडी होते हुए अथवा अल्हागंज–पाली मार्ग से मल्लावां के लिए प्रस्थान करेंगे।

भारी वाहनों के लिए होल्डिंग एरिया भी निर्धारित किए गए हैं। हुल्लापुर से हरदोई जाने वाले भारी वाहनों को हुल्लापुर चौराहे के निकट स्थित श्री गंगा फैमिली रेस्टोरेंट एवं टाइगर ढाबा पर रोका जाएगा। वहीं थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में सेहरामऊ स्थित देशी ढाबा पर शाहजहाँपुर से हरदोई की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोका जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार ही अपने वाहनों का संचालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें।

“सुरक्षित यातायात, सुगम आवागमन—आपका सहयोग, हमारी प्राथमिकता।”

Post a Comment

0 Comments