Breaking News

निर्धारित समय पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, लापरवाही व भ्रष्टाचार पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर, 27 अप्रैल। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी अपने तैनाती स्थल पर रात्रि विश्राम करें, फोन कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखें।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर सुरक्षित रखे जाएं ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके। ट्रांसफार्मर खराब होने या लाइन लॉस की सूचना मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत घरों में विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर की वॉल पेंटिंग कराई जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें।

विद्युत बिल संशोधन में किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में विद्युत चोरी एवं लाइन लॉस पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम गठित कर गांवों में छापेमार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की शिफ्टिंग कराने तथा शेष आंगनबाड़ी केंद्रों में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर, अधीक्षण अभियंता, एसडीओ, अवर अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments