स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
लखनऊ। प्रदेश में बीते दिनों आंधी-तूफान और वर्षा के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी और लू से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 29 अप्रैल को आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया, जिसमें 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य क्षोभमण्डल में उत्तरी पाकिस्तान एवं संलग्न जम्मू-कश्मीर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में संकेंद्रित पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं निम्न क्षोभमण्डल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण से नागालैंड तक पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आर्द्र पुरवा हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के बीच प्रतिक्रिया हुई, जिसके कारण बुंदेलखंड को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई।
वाराणसी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के झोंके महसूस किए गए, जबकि अनेक स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव से लू की स्थिति लगभग समाप्त हो गई है, हालांकि प्रदेश में सर्वाधिक तापमान आज भी बुंदेलखंड के बांदा में 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान बेमौसम बारिश का प्रभाव कल तक बना रह सकता है, जिससे मध्यवर्ती और पूर्वांचल क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है।
हालांकि, मई के शुरुआती 2 से 3 दिनों में वर्षा में कमी आने के बाद तापमान में पुनः 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद 4 और 5 मई को अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने और तापमान में दोबारा गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से तेज आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न रुकने की अपील की है।
प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ हुई वर्षा से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट, गर्मी से मिली राहत
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments