स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 31 जनवरी 2026। जनपद के भावलखेड़ा विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय ददऊँ में औचक निरीक्षण के दौरान उत्पन्न विवाद के मामले में सहायक अध्यापक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने गंभीर आरोपों के आधार पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान शिक्षक विनीत कुमार गंगवार द्वारा बिना अनुमति वीडियो बनाने और मना करने पर अधिकारी व स्टाफ से अभद्रता करने का आरोप है। साथ ही निरीक्षण में बाधा डालते हुए उन्होंने अधिकारी की अधिकारिता पर सवाल उठाए और कथित रूप से अनुचित टिप्पणियां कीं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संबंधित शिक्षक द्वारा निरीक्षण से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर और बिना साक्ष्य के धनराशि मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया गया। इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया।
निरीक्षण के दौरान छात्रों ने भी बताया कि संबंधित शिक्षक कक्षा में नियमित शिक्षण कार्य नहीं करते और अधिकतर समय मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं।
इसके अलावा शिक्षक पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शासन, प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक व तथ्यहीन टिप्पणियां पोस्ट करने का भी आरोप है, जो सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन माना गया है।
इन सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने शिक्षक विनीत कुमार गंगवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
0 Comments