शाहजहाँपुर, 05 अप्रैल 2026।
जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और शहर में बढ़ते अतिक्रमण व जाम की समस्या को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगले दो दिनों के भीतर कम से कम 100 विद्यालयों में विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक अनिवार्य रूप से कराई जाए और उसका विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही सभी विद्यालयों को UPISMVP पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर उनके वाहनों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम ने ई-रिक्शा चालकों पर विशेष सख्ती दिखाते हुए कहा कि किसी भी हालत में 6 से अधिक बच्चों को ई-रिक्शा में न बैठाया जाए। इसके अलावा नेशनल हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्कूल खुलने और बंद होने के समय स्कूलों के आसपास मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाएं। वहीं, नगर में जाम और अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और नियमित प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चौराहों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
0 Comments