शाहजहाँपुर।
जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुक्रवार को सफल समापन हो गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने तिलहर क्षेत्र स्थित सेंट मैरी स्कूल पहुंचकर प्रशिक्षण का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यहां ग्रामीण क्षेत्रों के प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा था।
प्रशासन के अनुसार 15, 16 और 17 अप्रैल को आयोजित प्रथम बैच में 21 चार्ज ऑफिसरों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 104 फील्ड ट्रेनरों ने प्रतिभाग कर तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी साझा की। प्रशिक्षणार्थियों के लिए भोजन और जलपान की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण भत्ता ₹400 तथा जनगणना कार्यों के लिए ₹25,000 की राशि प्रदान की जाएगी।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से दो चरणों में कराई जाएगी—
पहले चरण में परिवार के मुखिया से कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान, शौचालय, टीवी, फ्रिज, वाहन आदि से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
प्रत्येक प्रगणक को 150 से 180 घरों की जिम्मेदारी दी गई है और डेटा HLO ऐप के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। साथ ही 7 मई से 21 मई तक स्वगणना पोर्टल भी खुलेगा, जहां नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार प्रशिक्षण का क्रम आगे भी जारी रहेगा। दूसरा बैच (20-22 अप्रैल) तथा तीसरा बैच (23-25 अप्रैल) को आयोजित किया जाएगा।
डिजिटल जनगणना की यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
शाहजहॉपुर
0 Comments