शाहजहाँपुर। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को थाना कांट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, रजिस्टरों की अद्यतन स्थिति तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिला संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने मैस (भोजनालय) का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया तथा कर्मचारियों को स्वच्छ एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैरक में आवासीय सुविधाओं, साफ-सफाई, प्रकाश एवं वेंटिलेशन की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
मालखाना कक्ष में रखे गए माल मुकदमाती, शस्त्र एवं अन्य जब्त वस्तुओं के रख-रखाव, अभिलेखीकरण एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा थाना परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन पार्किंग एवं रख-रखाव का भी निरीक्षण किया गया तथा हरित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कार्यकुशलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments