Breaking News

जिलाधिकारी ने नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 03 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गांधी भवन प्रेक्षागृह:
जिलाधिकारी ने गांधी भवन प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया। इस भवन को रंगमंचीय गतिविधियों के लिए विकसित किया जा रहा है। इसमें एक यू-ट्यूब स्टूडियो एवं ई-लाइब्रेरी का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसे 30 जून 2026 तक जनता के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्लेनेटोरियम एवं मल्टीलेवल पार्किंग:
शहरवासियों एवं बच्चों के बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए प्लेनेटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें विज्ञान प्रदर्शनी भी स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से नागरिकों को पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलेगी। यह कार्य 02 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा।

सीएम ग्रिड (तेल टंकी रोड):
तेल टंकी रोड स्थित सीएम ग्रिड परियोजना अपने अंतिम चरण में है, जिसे अप्रैल 2026 के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना के अंतर्गत शहर में पहली बार विद्युत एवं अन्य तारों को भूमिगत किया गया है। सड़क को चौड़े फुटपाथ एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के साथ विकसित किया जा रहा है।


हॉकी फील्ड:
अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदान का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। इसमें एस्ट्रोटर्फ एवं फ्लडलाइट की सुविधा होगी, जिससे रात्रि में भी खेल संभव होगा।

नगर निगम का नवीन कार्यालय भवन:
निर्माणाधीन नवीन नगर निगम कार्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए गए कि इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही 1500 व्यक्तियों की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर, अर्बन फूड प्लाजा एवं ओपन एयर थिएटर का निर्माण भी किया जा रहा है।

स्मार्ट सिटी रोड (केरुगंज से मघईटोला):
केरुगंज से मघईटोला होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक विकसित की जा रही स्मार्ट सिटी रोड का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण हटाने एवं कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

गर्रा नदी पुल एवं बाढ़ सुरक्षा कार्य:
गर्रा नदी के पुल को ऊंचा करने तथा बाढ़ से बचाव हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी बाढ़ की संभावना को देखते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

सर्किट हाउस एवं नहर चौड़ीकरण:
सर्किट हाउस के निर्माणाधीन भवन एवं चांदापुर चौराहे पर नहर चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments