ब्यूरो रिपोर्ट राज बहादुर लखनऊ ✍️
लखनऊ। लखनऊ के बंथरा क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर चौराहा एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना, जहां कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या UP32QB0725 का चालक सुनील उपाध्याय, जो प्रसाद हॉस्पिटल में कर्मचारी बताया जा रहा है, रॉन्ग साइड से हनुमान मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर संख्या UP77AT6670 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि यह चौराहा पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। कुछ समय पूर्व यहां एक मासूम की जान भी जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के चलते यह स्थान अब “मौत का मोड़” बनता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक चौराहे पर स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
0 Comments