[ सनसनीखेज खुलासा: हत्या का अनावरण | सुशांत गोल्फ सिटी ]
ब्यूरो रिपोर्ट: मो हलीम (जिला संवाददाता), लखनऊ ✍️
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सचिन यादव हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने शराब और मीट की पार्टी के दौरान साजिश के तहत सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
• कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू: निवासी देवामऊ, सुशांत गोल्फ सिटी (व्यवसाय- स्कूल बस ड्राइवर)
• संतोष कुमार यादव: निवासी धवाहार, सुशांत गोल्फ सिटी (व्यवसाय- गुमटी संचालक)
• बरामदगी: हत्या में प्रयुक्त अवैध देशी तमंचा 315 बोर, खोखा और मृतक के 02 मोबाइल फोन।
साजिश के तहत दी मौत: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने 3 मई को सचिन को मीट और शराब की पार्टी के लिए बुलाया था। सचिन को अत्यधिक शराब पिलाकर नशे में धुत करने के बाद, अभियुक्त उसे अवध विहार योजना के सेक्टर 08 स्थित खाली मैदान में ले गए। वहां संतोष ने सचिन को पकड़ा और कमल ने तमंचे से उसकी कनपट्टी पर गोली मारकर उसे मौत की नींद सुला दिया। हत्या के बाद आरोपी उसका मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद गठित 04 पुलिस टीमों और सर्विलांस सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अवध विहार योजना से दोनों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा और मृतक का फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
"सच की आवाज वेब न्यूज़" राजधानी में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना करता है।
"सटीक जांच, त्वरित न्याय - सच की आवाज वेब न्यूज़"

