Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस का विशेष अभियान जारी, एक दिन में 45 जनशिकायतों का मौके पर निस्तारण


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 01 मई 2026।

 जनपद में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए एक ही दिन में 45 शिकायतों का मौके पर समाधान किया।

पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु विशेष रणनीति अपनाई गई है।

अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ता के स्थान पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।


पुलिस द्वारा अपनाई गई इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। मौके पर ही दोनों पक्षों की सुनवाई कर फीडबैक लिया जा रहा है, जिससे समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो रहा है।

पुलिस विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना और शिकायत निस्तारण प्रक्रिया को अधिक सरल एवं भरोसेमंद बनाना है। जनपद पुलिस द्वारा आगे भी इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments