स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 02 मई 2026।
जनपद में धार्मिक स्थलों पर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। श्रीमान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया तथा उच्चतम न्यायालय एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। इस क्रम में कुल 795 धार्मिक स्थलों की चेकिंग की गई, जिनमें मानक से अधिक पाए जाने पर 14 लाउडस्पीकरों को हटवाया गया।
पुलिस टीमों ने संबंधित प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर लाउडस्पीकरों को स्वेच्छा से उतरवाया तथा उन्हें ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी धार्मिक स्थलों पर शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय नागरिकों द्वारा भी पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान किया गया, जिससे अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करें और जनपद में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।