तेजकिशन खेड़ा गांव की घटना, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया; आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला
जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
काकोरी/लखनऊ, 07 सितंबर। काकोरी थाना क्षेत्र के तेजकिशन खेड़ा गांव में सोमवार को एक 63 वर्षीय महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव में एक महिला ने फंदा लगा लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूरसती पत्नी भवानी रावत, उम्र करीब 63 वर्ष को कमरे के अंदर फंदे पर लटका पाया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने कमरे में कपड़े टांगने के लिए लगी मोटी बल्ली में प्लास्टिक की रस्सी बांधकर फंदा लगाया था। मौके पर एक प्लास्टिक की कुर्सी भी रखी मिली। परिजनों की मौजूदगी में मौके की वीडियोग्राफी कराते हुए रस्सी कटवाकर शव को नीचे उतारा गया।
बेटी के वापस आने पर हुई जानकारी
पुलिस के अनुसार, मृतका अपने पति से अलग होकर कमरे में अकेली रहती थीं। उनके बगल में उनकी बेटी संगीता रहती है। बताया गया कि बेटी तालाब गई थी और वापस लौटने पर उसने मां को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।