[ अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस / रेड क्रॉस ]
स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
अन्तर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के पावन अवसर पर आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रांगण स्थित इण्डियन रेडक्रास सोसाइटी के कार्यालय में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में वक्ताओं ने नर्सिंग सेवाओं और रेड क्रॉस के साझा उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक-दूसरे का पूरक बताया।
रेड क्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी और नर्सिंग कार्य दोनों का अंतिम लक्ष्य पीड़ित मानवता की सेवा है। आपदा, महामारी या सामान्य दुर्घटना के समय नर्सिंग कर्मियों और रेड क्रॉस स्वयंसेवकों का समन्वय ही समाज को बड़ी राहत प्रदान करता है।
भावी योजनाएं: डॉ. जौहरी ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में शीघ्र ही प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य जन-जागरूकता अभियान चलाकर समाज के हर वर्ग को आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार करना है।
गोष्ठी के दौरान रक्तदान, स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। उपस्थित सहभागियों ने समाज में सेवा भावना को मजबूत करने और मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों सहित कई गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर अवनीश सक्सेना, अनुज जौहरी, बालकृष्ण पांडे, नवजोत सिंह, बृजेश गुप्ता, मीनू मिश्रा, चंद्रसेन वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
"सच्ची खबर, सेवा के स्वर - सच की आवाज वेब न्यूज"
