सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई, अधिकारियों ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

 02 मई 2026। 

तहसील जलालाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें तहसीलदार जलालाबाद सहित राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनसुनवाई में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगर क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक विवाद, मारपीट, शांति व्यवस्था, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, सड़क, विद्युत एवं जल निकासी से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने पुलिस से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद एवं आपसी झगड़ों में संवेदनशीलता बरतने और समय रहते कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का पारदर्शी और प्रभावी समाधान किया जा रहा है तथा प्रशासन इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post