जनशिकायतों के निस्तारण में शाहजहाँपुर पुलिस की पहल, एक दिन में 19 शिकायतों का मौके पर समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 21 जून 2026। जनपद शाहजहाँपुर में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को पुलिस टीमों ने शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर कुल 19 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।

पुलिस विभाग के अनुसार अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचकर मामलों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी प्रतिदिन दो स्थानों पर जाकर शिकायतों की सुनवाई एवं समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

21 जून को चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से 19 मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर निस्तारण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं और संबंधित पक्षों से फीडबैक लेकर समाधान पर संतुष्टि भी सुनिश्चित की।

पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन को बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अब पुलिस स्वयं शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर समस्या का समाधान कर रही है, जिससे शिकायतों का निस्तारण अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से हो रहा है।

जनपद पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए इसी प्रकार कार्यवाही की जाती रहेगी।

Previous Post Next Post