स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना "मिशन शक्ति फेज-5.0" के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं, महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930, एम्बुलेंस सेवा-108 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी भी महिला संबंधी अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।
"नारी सुरक्षा • नारी सम्मान • नारी स्वावलंबन"

0 Comments