Breaking News

विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने राजघाट पर श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, 'स्वच्छ नदी–स्वस्थ जीवन' के नारों से गूंजा घाट

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिला गंगा समिति शाहजहाँपुर के तत्वावधान में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गर्रा नदी स्थित राजघाट पर वृहद स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का संचालन डीपीओ डॉ. विनय कुमार सक्सेना के निर्देशन एवं वर्क चैरिटेबल ट्रस्ट के नेतृत्वकर्ता रेहान कुरैशी की अगुवाई में किया गया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने भीषण गर्मी के बावजूद उत्साहपूर्वक श्रमदान कर घाट परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान "स्वच्छ नदी–स्वस्थ जीवन" और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

वरिष्ठ समाजसेवी एवं परिवार न्यायालय परामर्शदाता मुकेश सिंह परिहार ने कहा कि नदियों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति और पर्यावरण की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है तथा सभी को अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए।

समाजसेवी राजू बग्गा ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज की नींव बताते हुए प्रत्येक नागरिक से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील की। डी.एन.टी. श्रम संविदा सहकारी समिति लिमिटेड की डायरेक्टर एवं स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत सह महिला प्रमुख श्रीमती सावित्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में विकास खंडेलवाल, हिमांशु सक्सेना, नितिन अग्रवाल एवं शिवम ने नगर निगम शाहजहाँपुर सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया तथा लोगों से ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

अभियान में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक 'मेरा युवा भारत' के हर्ष पाण्डेय एवं उनकी टीम, अंशिका ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, युवा सर्व कल्याण सेवा समिति, गंगा समग्र, स्वदेशी जागरण मंच तथा वर्क चैरिटेबल ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ग्रहण की।

इस अवसर पर मोहम्मद फौज, मोहम्मद उमैर, नवेद अहमद, तस्मीया, अंगशुमान, रोहित, नवीन, श्रेयांश मंगल पाण्डेय, अंकित वर्मा सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments