Breaking News

रेड क्रॉस और "परी आपकी रसोई" ने दिया सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश

 

स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। समाजसेवी एवं "परी आपकी रसोई" के संचालक विनय अग्रवाल ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर के सचिव डॉ. विजय जोहरी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों समाजसेवियों ने जनसेवा, मानव कल्याण और जरूरतमंदों की सहायता के विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

डॉ. विजय जोहरी ने विनय अग्रवाल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि "परी आपकी रसोई" के माध्यम से गरीब, असहाय, मरीजों के तीमारदारों एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराना एक अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसी सेवाएं मानवता की सच्ची मिसाल हैं।

भेंट के दौरान विनय अग्रवाल ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के मानवीय सहायता कक्ष एवं राहत सामग्री भंडार का भी अवलोकन किया। उन्होंने रेड क्रॉस द्वारा संचालित आपदा राहत, रक्तदान, स्वास्थ्य सेवा, कंबल वितरण, वस्त्रदान, व्हीलचेयर वितरण एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. विजय जोहरी ने विनय अग्रवाल को पटका पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं रेड क्रॉस मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा में समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना रेड क्रॉस की गौरवशाली परंपरा है तथा ऐसे लोगों से समाज को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।

विनय अग्रवाल ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी विश्व की सबसे प्रतिष्ठित मानवतावादी संस्थाओं में से एक है, जिसे मानव सेवा और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए चार बार नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर में डॉ. विजय जोहरी के नेतृत्व में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने रेड क्रॉस के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह वास्तव में अनुकरणीय है।

डॉ. विजय जोहरी
सचिव, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर

Post a Comment

0 Comments