Breaking News

विवादित भूमि पर प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण को लेकर किसानों का धरना समाप्त, प्रशासन के आश्वासन के बाद बनी सहमति

 

ब्यूरो रिपोर्ट मुकीत सिद्दीकी हरदोई ✍️

संडीला (हरदोई), 19 जून। तहसील संडीला के ग्राम मीर नगर अजिगवां स्थित गाटा संख्या 2008 की विवादित भूमि पर प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण को लेकर किसानों द्वारा चलाया जा रहा धरना-प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।

भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू के नेतृत्व में किसानों ने विवादित भूमि पर निर्माण कार्य का विरोध करते हुए धरना दिया। किसानों का कहना था कि संबंधित भूमि का मामला माननीय न्यायिक उपजिलाधिकारी, संडीला के न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में न्यायालय के अंतिम निर्णय से पूर्व किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराया जाना उचित नहीं होगा।

धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। वार्ता के दौरान प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया कि 3 जुलाई तक विवादित भूमि पर कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा तथा न्यायालय के आदेश एवं कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण सम्मान किया जाएगा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) के प्रदेश अध्यक्ष रफीक लम्बू ने किसानों के साथ चल रहे धरना-प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसान संगठन न्यायालय के निर्णय का सम्मान करता है, लेकिन यदि भविष्य में प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन का पालन नहीं किया गया तो संगठन आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन तेज करेगा।

धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने किसानों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।

किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए न्यायालय के अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखेगा।

Post a Comment

0 Comments