ब्यूरो रिपोर्ट बाल किशन ✍️
लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित दरगाह रोड पर अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) एवं स्थानीय पुलिस की कथित अनदेखी के चलते नियमों के विपरीत बहुमंजिला निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दरगाह रोड स्थित नायाब पैलेस परिसर में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य जारी है। यह स्थल ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के क्षेत्र असार-ए-कदीमा के निकट स्थित बताया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संरक्षित एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के आसपास निर्माण कार्यों पर विशेष प्रतिबंध लागू हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त निर्माण स्थल घंटा बेग गढ़िया पुलिस चौकी से बेहद कम दूरी पर स्थित है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मामले का समाधान नहीं हुआ तो वे जनसुनवाई पोर्टल एवं न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल संबंधित विभागों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

0 Comments