Breaking News

शारदा नहर में मिला नवजात शिशु का शव, इलाके में फैली सनसनी

 

ब्यूरो रिपोर्ट आनंद कुमार लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब शारदा नहर में एक नवजात शिशु का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहान रोड चौकी क्षेत्र स्थित शारदा नहर के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर नहर में तैर रहे एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह किसी नवजात शिशु का शव है। यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस और मोहान रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। नवजात का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला नवजात को जन्म के बाद त्यागने से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments