स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
जी.एफ. कॉलेज मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के संबोधन का होगा लाइव प्रसारण
शाहजहाँपुर, 20 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय एवं भाषा विभाग श्री मनीष चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम 21 जून को जी.एफ. कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रमुख सचिव श्री मनीष चौहान एवं प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में लगभग 400 प्रतिभागियों के बैठने एवं सामूहिक योगाभ्यास की व्यवस्था की गई है।
बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानमंत्री के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसके बाद सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जहां अमृत सरोवर उपलब्ध हैं, वहां सरोवर के किनारे तथा अन्य ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन अथवा पंचायत परिसर में योगाभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है तथा पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक भी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इसके अतिरिक्त सभी विकास खंडों, नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, मेडिकल कॉलेज, पुलिस लाइन, शैक्षणिक संस्थानों एवं प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
प्रमुख सचिव श्री मनीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की जियो टैगिंग कराई जाए तथा फोटोग्राफ एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं जिला विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे शासन को समयबद्ध रूप से रिपोर्ट भेजी जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प दोहराया।

0 Comments