Breaking News

सरोजनीनगर में ताले में कैद आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर उठाए सवाल

 

ब्यूरो रिपोर्ट राजन भारती, लखनऊ ✍️

लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्थापित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र, ग्राम दिघिया (पोस्ट मौंदा), विकासखंड सरोजनीनगर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे मरीजों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की शिकायतों के बाद मीडिया टीम ने लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग समय पर उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रत्येक बार उपकेंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित समय पर भी न तो चिकित्सक मौजूद रहते हैं और न ही अन्य स्वास्थ्यकर्मी।

ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र के नियमित रूप से बंद रहने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लोग वंचित हो रहे हैं और छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी उन्हें दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर उपकेंद्र में नियमित रूप से चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Post a Comment

0 Comments