स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। शाहजहाँपुर पुलिस की सर्विलांस सेल, एसओजी एवं जनपद के विभिन्न थानों पर संचालित साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 201 गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब ₹47 लाख बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण/नगर) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत सर्विलांस सेल लगातार गुम मोबाइलों से संबंधित शिकायतों की तकनीकी निगरानी कर रही थी। शिकायतें पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थीं।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए शाहजहाँपुर पुलिस की सराहना की।
शाहजहाँपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। साथ ही निकटतम थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें, ताकि तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से मोबाइल की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित रखें, गुम होने पर तुरंत सिम बंद कराकर दोबारा जारी कराएं तथा किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक पर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
इस अभियान में प्रभारी सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक मनोज कुमार, सर्विलांस सेल, एसओजी टीम तथा जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments