Breaking News

शारदा नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

 

जिला संवाददाता रामचंद्र, उन्नाव ✍️

उन्नाव (औरास)। थाना औरास क्षेत्र से गुजरने वाली शारदा नहर में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे बछौली से पहले गेरुआ-बछौली के पास ग्रामीणों ने नहर में एक महिला का शव बहता हुआ देखा। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, शव करीब 24 से 36 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला की अनुमानित उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके हाथों में लाल चूड़ियां तथा पैरों में चप्पल थीं, जिससे उसके विवाहित होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे भी सीमऊ पुल के पास नहर में एक महिला का शव दिखाई दिया था। आशंका है कि तेज बहाव के कारण शव बहते हुए औरास क्षेत्र तक पहुंच गया।

हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ स्थानीय लोगों ने संभावना जताई कि सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गई हो, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments