Breaking News

किसानों को 75% अनुदान पर मिलेंगे कीट नियंत्रण उपकरण, कृषि विभाग ने की आवेदन की अपील

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 22 जुलाई। जिला कृषि रक्षा अधिकारी, शाहजहाँपुर ने किसानों से पर्यावरण अनुकूल कीट एवं रोग नियंत्रण तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए बताया है कि कृषि विभाग द्वारा आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) के अंतर्गत विभिन्न यांत्रिक कीट नियंत्रण उपकरण 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जनपद के सभी विकासखंडों की कृषि रक्षा इकाइयों पर सोलर लाइट इंसेक्ट ट्रैप, येलो स्टिकी ट्रैप, ल्यूर (हेलिकोवर्पा आर्मीजेरा) तथा फेरोमोन ट्रैप उपलब्ध हैं। इन उपकरणों का उपयोग धान, गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन, गन्ना, सोयाबीन, कपास, टमाटर, मिर्च, भिंडी सहित विभिन्न फसलों एवं बागवानी में कीट नियंत्रण के लिए किया जा सकता है।

कृषि विभाग के अनुसार सोलर लाइट इंसेक्ट ट्रैप प्रकाश की ओर आकर्षित होने वाले तना छेदक, फल छेदक एवं अन्य हानिकारक कीटों को नष्ट करने में सहायक है। वहीं येलो स्टिकी ट्रैप के माध्यम से सफेद मक्खी, जैसिड एवं थ्रिप्स जैसे कीटों की निगरानी एवं नियंत्रण किया जा सकता है। ल्यूर एवं फेरोमोन ट्रैप फूल, फल एवं फली छेदक सहित अन्य हानिकारक कीटों के नियंत्रण में प्रभावी हैं।

विभाग ने बताया कि इन उपकरणों पर मिलने वाला 75 प्रतिशत अनुदान सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजा जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

कृषि विभाग ने किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इससे फसल की गुणवत्ता, मिट्टी की उर्वरता तथा मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पर्यावरण हितैषी यांत्रिक उपकरणों के उपयोग से इन दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए किसान अपने संबंधित विकासखंड की कृषि रक्षा इकाई अथवा जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय, शाहजहाँपुर से संपर्क कर सकते हैं।

नोट: यह समाचार जिला कृषि रक्षा अधिकारी, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments