Breaking News

सावन और वीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा, रिक्रूट आरक्षियों का किया साक्षात्कार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 21 जुलाई। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों का साक्षात्कार लिया तथा आगामी सावन माह एवं 22 जुलाई को प्रस्तावित उप मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिलाधिकारी (कार्यपालिका), क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात/साइबर, क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने थाना मिर्जापुर एवं थाना कलान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया। इस दौरान उनके प्रशिक्षण, अनुशासन, पुलिस कार्यों की समझ, व्यवहारिक दक्षता एवं कानून संबंधी ज्ञान का मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने आरक्षियों को निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग अपनाने, आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखने तथा महिला एवं कमजोर वर्गों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।

इसके बाद थाना मिर्जापुर में डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने सावन माह, धार्मिक आयोजनों एवं कांवड़ यात्रा के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने, बिना अनुमति डीजे संचालित न करने, निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों का प्रसारण न करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने थाना मिर्जापुर एवं जलालाबाद क्षेत्र में पैदल गश्त कर बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवाद किया गया तथा पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने और प्रभावी गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत 22 जुलाई को प्रस्तावित उप मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण के मद्देनज़र थाना जलालाबाद एवं मिर्जापुर क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments