Breaking News

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, दुर्घटना रोकथाम और घायलों को त्वरित उपचार पर विशेष जोर

 


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 24 जुलाई। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में विगत माह हुई सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत ऑडिट प्रस्तुत किया गया। दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बलरामपुर-बढ़नी मार्ग पर 10 तथा बलरामपुर-उतरौला-मनकापुर मार्ग पर 13 नए ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर शीघ्र ही चेतावनी संकेतक, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, प्रतियोगिताएं एवं अन्य गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित रूट व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा बिना पंजीकरण वाले ई-रिक्शा का संचालन न होने दिया जाए। संबंधित विभागों को नियमित अभियान चलाकर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करने वाले नागरिकों को सरकार की ओर से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि जनपद से दो पात्र व्यक्तियों के नाम शासन को भेजे जाएंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए जनपद के 10 निजी अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता, इंजीनियरिंग सुधार, प्रभावी प्रवर्तन और त्वरित चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments