शाहजहाँपुर: गैंगस्टर एक्ट के वांछित बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों में वांछित एक शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम निगोही रोड स्थित रटा पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कटरा के गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त रियाज मोहम्मद उर्फ बाबू बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आ रहा है।

पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भाग निकला। कुछ दूरी पर बाइक फिसलने के बाद वह जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त

रियाज मोहम्मद उर्फ बाबू पुत्र सरताज मोहम्मद, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी मोहल्ला आतिशबाजान, थाना कटरा, जनपद शाहजहाँपुर।

घायल अभियुक्त को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल शाहजहाँपुर रेफर किया गया। उसका उपचार जारी है।

बरामदगी

  • एक देशी तमंचा (.315 बोर)
  • पांच जिंदा कारतूस (.315 बोर)
  • दो खोखा कारतूस (.315 बोर)
  • एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना तिलहर में मु0अ0सं0 349/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अलावा एनडीपीएस एक्ट सहित शाहजहाँपुर, बरेली, मुजफ्फरनगर और दिल्ली में कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, एसओजी एवं सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक गौरव शर्मा, सौरभ शुक्ला, देवेन्द्र कुमार सहित थाना तिलहर की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

Previous Post Next Post