Breaking News

कांवड़ यात्रा को लेकर रोजा क्षेत्र में सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण, एएसपी सिटी ने दिए कड़े निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने थाना रोजा क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थल, भीड़भाड़ वाले स्थान, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निरंतर पुलिस गश्त, भ्रमणशील पुलिस दल की सक्रियता तथा प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आवश्यकता अनुसार डायवर्जन योजना लागू करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित पुलिस सहायता केंद्रों, सीसीटीवी कैमरों, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था एवं समन्वित सुरक्षा प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष बल दिया।

शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं।

Post a Comment

0 Comments