स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद की मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में 'बीबीजी रामजी' योजना का शुभारंभ ग्राम सभा की बैठक के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप का पूर्व ग्राम प्रधान एवं प्रशासक अनिल गुप्ता ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान अजय प्रताप ने मनरेगा श्रमिकों के साथ प्राथमिक विद्यालय परिसर में 11 फलदार पौधों का रोपण किया और कहा कि यह योजना भी इन पौधों की तरह भविष्य में गांव के विकास और गरीब परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने सभी से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी भूपराम ने बताया कि मनरेगा के नए स्वरूप 'बीबीजी रामजी' योजना के अंतर्गत अब श्रमिकों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही मजदूरी का भुगतान 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान खेती-किसानी को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों तक कार्य स्थगित रहेगा, जबकि मजदूरी ₹252 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है। यह घोषणा सुनकर उपस्थित श्रमिकों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूर्व ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत 60:40 अनुपात में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। योजना के माध्यम से गांव में कच्चे और पक्के दोनों प्रकार के निर्माण कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के लगभग 50 प्रतिशत मार्गों का निर्माण, अन्नपूर्णा भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, खेल मैदान तथा 12 कैटल शेड (मिनी गौशाला) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मनरेगा से पूर्ण की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव दर्ज करते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर रोजगार सेवक लड्डन अली, पंचायत सहायक अनुज मिश्रा, यशपाल सिंह, श्रीकांत दीक्षित, नसीरुद्दीन, सतीश कुमार, रामपाल, गयादीन, सुरेंद्र सिंह, रामकुमार शर्मा, राजेश दीक्षित, दुर्वेश, ब्रजेश सिंह, मुनेन्द्र सिंह, जयदेव मिश्रा, वैजू सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments