स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी श्रावण मास एवं काँवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के साथ थाना मिर्जापुर क्षेत्रांतर्गत काँवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे काँवड़ मार्ग, शिव मंदिरों, प्रमुख पड़ाव स्थलों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं संकेतक बोर्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को समय रहते सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि काँवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, रात्रिकालीन गश्त, ड्यूटी प्वाइंट, यातायात डायवर्जन एवं आपातकालीन कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करते हुए किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी, ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थलों की मॉनिटरिंग तथा स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि आगामी काँवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

0 Comments