स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी श्रावण मास एवं काँवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस के बीच अंतरजनपदीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक थाना पसगवां क्षेत्र स्थित ताजपुर मुहम्मदपुर पुलिस चौकी में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में संपन्न हुई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शाहजहाँपुर, अपर पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी, क्षेत्राधिकारी सदर शाहजहाँपुर, प्रभारी निरीक्षक पसगवां, मोहम्मदी, उचौलिया, थानाध्यक्ष रोजा सहित दोनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान काँवड़ यात्रा के दौरान दोनों जनपदों के बीच बेहतर समन्वय, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन प्लान, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि काँवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों जनपदों के बीच सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के उपरांत अधिकारियों ने अंतरजनपदीय सीमा क्षेत्र एवं संभावित काँवड़ मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शाहजहाँपुर एवं लखीमपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से भरोसा दिलाया कि काँवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments