स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 29 जुलाई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जनपद शाहजहाँपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। विकास खंड खुटार की ग्राम पंचायत महोलिया वीरान निवासी श्रीमती कमलजीत कौर, पत्नी श्री जगराज सिंह, इस योजना की एक प्रेरणादायी लाभार्थी हैं।
योजना का लाभ मिलने से पहले उनका परिवार कच्चे एवं जर्जर मकान में रहता था। बरसात, सर्दी और गर्मी के मौसम में रहने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा परिवार हमेशा असुरक्षा की भावना से घिरा रहता था।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उन्हें ₹1.20 लाख की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने अपना पक्का मकान बनवाया। नए आवास के साथ परिवार को बिजली, पेयजल, गैस कनेक्शन तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हुईं। इससे उनका जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक बन गया है।
श्रीमती कमलजीत कौर ने बताया कि पक्का घर मिलने के बाद उनके परिवार को सबसे बड़ी राहत सुरक्षा और सम्मान की भावना के रूप में मिली है। पहले हर बारिश चिंता का विषय होती थी, लेकिन अब उनका परिवार निश्चिंत होकर अपने घर में रह रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को अपने परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित जीवन, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी देती है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक सफलता की कहानी (प्रेस विज्ञप्ति) पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

0 Comments