ब्यूरो रिपोर्ट शशांक मिश्रा, हरदोई ✍️
हरदोई, 24 जुलाई। हरदोई जनपद के संडीला कस्बे में गोली लगने से घायल युवक शिवम जायसवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले चार दिनों से लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात बांगरमऊ बस अड्डे के पास ऑटो सवार लोगों द्वारा बाइक सवार शिवम जायसवाल को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल शिवम को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में केजीएमयू, लखनऊ रेफर किया गया था।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, घटना के पीछे रुपयों के लेन-देन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने पहले ही पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, घायल की मृत्यु के बाद प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।
नोट: यह समाचार पुलिस एवं प्रारंभिक जांच में सामने आई जानकारी पर आधारित है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
